रायपुर/बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर स्थित कालीबाड़ी काली मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर की दानपेटी में रखी नगदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी हुए नगदी और जेवरात की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे दो चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से परिसर में दाखिल हुए। मंदिर के अंदर पहुंचने के बाद आरोपियों ने सबसे पहले दानपेटी में रखी नगदी पर हाथ साफ किया। इसके बाद मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ करने की कोशिश भी की। हालांकि उनकी यह कोशिश पूरी तरह सफल नहीं हुई और दो संदिग्ध कैमरे में कैद हो गए। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मंदिर में लगे कैमरों की फुटेज के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद मंदिर में चोरी को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।


