रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षकों के 50 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर ने बताया कि परिवहन विभाग ने परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। व्यापमं से लिखित परीक्षा का परिणाम प्राप्त होने के बाद अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों और पात्रता के आधार पर कुल 250 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए चिन्हित किया गया है।
चिन्हित अभ्यर्थियों का अब शारीरिक मापदंड परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बुलावा पत्र परिवहन विभाग की वेबसाइट cgtransport.gov.in तथा कार्यालय परिवहन आयुक्त के सूचना पटल पर उपलब्ध कराए गए हैं।
परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती से राज्य के युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


