रायपुर। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत कई लोगों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और गलत जानकारी वाली पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट शेयर करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर, तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि Instagram के cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नामक अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, इन अकाउंट्स से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से जुड़े वीडियो भी शेयर किए गए हैं। आरोप है कि इन वीडियो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने तथा सोशल मीडिया पर गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पोस्ट शेयर करने वाले अकाउंट संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
पुलिस खंगाल रही सोशल मीडिया अकाउंट
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो किसने तैयार किए, उन्हें किस अकाउंट से शेयर किया गया और सोशल मीडिया पर उनका प्रसार किस तरह हुआ।
फिलहाल पुलिस दोनों Instagram अकाउंट्स की गतिविधियों को खंगाल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


