बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी नगर के बाजार चौक में शनिवार सुबह नगर पंचायत के ट्रैक्टर चालक ने दो सफाईकर्मियों पर टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार चौक में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे डौंडी बाजार चौक की है। नगर पंचायत का ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी टंगिया लेकर बाजार चौक पहुंचा था। वहां मौजूद नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव मानकर के पास जाकर उसने कथित तौर पर कहा कि साहब बकरा खाते हो क्या? आज दो बकरा काट रहा हूं। इसके बाद आरोपी करीब 10 मीटर दूर सफाई कर रहे रम्हू भुआर्य (50) और प्रेमलाल भुआर्य (45) के पास पहुंचा और दोनों पर टंगिया से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से बाजार चौक में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को काबू में किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गिरवर देवहारी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल दोनों सफाईकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि घटना से एक रात पहले आरोपी और दोनों सफाईकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों घायलों ने आरोपी के साथ गाली-गलौज की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी अगले दिन सुबह टंगिया लेकर बाजार चौक पहुंचा और दोनों सफाईकर्मियों पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और दोनों घायल डौंडी के बंधियापारा के रहने वाले हैं। तीनों आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा तीनों पिछले करीब 10 वर्षों से डौंडी नगर पंचायत में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।


