बिलासपुर। जिले के मल्हार क्षेत्र में लीलागर नदी के उफान के बीच एनिकट पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए भारी पड़ गई। गुरुवार दोपहर नदी का पानी एनिकट से करीब दो फीट ऊपर तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एनिकट पार करने निकल पड़े। तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक बाइक समेत नदी में बह गए।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को कई बार चेतावनी दी थी। लोगों ने उन्हें नदी में तेज बहाव होने के कारण एनिकट पार नहीं करने और वापस लौटने की सलाह दी, लेकिन दोनों युवकों ने उनकी बात नहीं मानी। जैसे ही बाइक तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत नदी में बह गए।
दोनों युवकों को नदी में बहता देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे बढ़कर नदी में उतरने का फैसला किया। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों युवकों को तेज बहाव से बाहर निकाला और सुरक्षित बचा लिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मल्हार क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं और जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए एनिकट पार कर रहे थे। घटना के समय उनके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लीलागर नदी में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद एनिकट पार करने की कोशिश ने एक बार फिर लापरवाही के गंभीर परिणामों की ओर ध्यान खींचा है। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों युवकों की जान तो बच गई, लेकिन घटना के बाद नदी के तेज बहाव के बीच एनिकट और जलभराव वाले रास्तों से गुजरने को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।


