रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर अचानक हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। करीब दोपहर 1 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही राजधानी में आसमान पर बादल छाए हुए थे। दोपहर होते-होते बारिश ने जोर पकड़ लिया और लगातार हुई बारिश के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी जमा हो गया। सड़क पर पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ा।
कई सड़कों पर भरा पानी, यातायात प्रभावित
तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी सड़क के बड़े हिस्से में फैल गया। पैदल राहगीरों को भी जलभराव के बीच से गुजरने में परेशानी हुई। कुछ इलाकों में सड़क पर पानी जमा होने के कारण यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से गर्मी से राहत, जलभराव ने बढ़ाई चिंता
तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कई इलाकों में पानी जमा होने की समस्या लगातार सामने आती है।
फिलहाल बारिश के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों को जलभराव वाले क्षेत्रों से गुजरते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।


