बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में घर के अंदर बिजली का करंट लगने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। हादसा पचपेड़ी थाना क्षेत्र के कुकुर्दीकेरा गांव में हुआ, जहां धनेश्वरी यादव अचानक करंट की चपेट में आ गईं।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे धनेश्वरी यादव अपने घर में थीं। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
करंट कैसे लगा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला घर में किस विद्युत उपकरण या खुले तार के संपर्क में आई थीं, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही परिजनों से पूछताछ कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


