रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा भारत एकजुटता के साथ नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने नेपाल में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस संकट की घड़ी में उन्हें हर संभव सहयोग और संबल मिलने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने और आपदा के बाद लापता लोगों के सकुशल होने की भी कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न यह संकट बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नेपाल के नागरिकों के शीघ्र सुरक्षित होने और परिस्थितियों के जल्द सामान्य होने की प्रार्थना की।


