छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक लगभग दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिसके चलते मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान दयालबंद निवासी 32 वर्षीय कुंदन केसरी के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार को उसका किसी बात को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया था। नाराज होकर घर से निकलने के बाद वह गुरु नानक स्कूल के पास अरपा नदी किनारे स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया।
टावर पर युवक को बैठा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवक को नीचे उतरने के लिए समझाया।
करीब दो घंटे तक चले प्रयास के बाद मोहल्ले के दो युवकों ने उससे बातचीत की और भरोसा दिलाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस युवक को थाने लेकर गई, जहां पूछताछ में उसने भाई से विवाद के बाद गुस्से में टावर पर चढ़ने की बात बताई।
आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


