राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मां-बेटे पर हथौड़े से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना जोरापारा स्थित काली मंदिर के पीछे 29 अगस्त की सुबह हुई। हमले में दितेश सोनवाने और उसकी 65 वर्षीय मां सुशीला सोनवाने घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, दितेश सोनवाने मौके पर मौजूद था, तभी आरोपी चिंटू साहू उर्फ धीरज वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने दितेश के चेहरे पर हथौड़े से हमला कर दिया।
बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां सुशीला सोनवाने के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
परिजनों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर मौदहापारा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।


