मोहला। जनपद पंचायत मोहला के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में रक्षाबंधन पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके अप्रारंभ एवं निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की शपथ दिलाई गई।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन पर्व को सामाजिक सहभागिता, जिम्मेदारी और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़ना रहा। ग्राम पंचायत स्तर पर बिहान की दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधा।
जनपद पंचायत मोहला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शुभांगी गुप्ता ने बताया कि यह पहल रक्षाबंधन की भावनात्मक आत्मीयता को विकास कार्यों से जोड़ते हुए ‘रक्षा सूत्र के साथ विकास का संकल्प’ का संदेश देती है। ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता से पूरा आयोजन उत्सवमय रहा।
कार्यक्रम के दौरान बिहान की दीदियों ने हितग्राहियों को आवास निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, आवास पूर्ण होने से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी गई।
हितग्राहियों ने अपने आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण कर ‘पक्का घर’ के सपने को साकार करने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से रक्षाबंधन के सामाजिक और भावनात्मक संदेश को ग्रामीण विकास एवं आवास निर्माण से जोड़ा गया।


