सुकमा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में सुकमा के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में जिले की 8 पुरुष और 2 महिला टीमों ने भाग लिया। सुबह 10 बजे शुरू हुए मुकाबले शाम 6 बजे तक चले। इस दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान मिनी स्टेडियम दर्शकों की तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में कोंटा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टीम ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रणनीति के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी क्षमता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता की सफलता से खिलाड़ियों के साथ-साथ खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी कैलाश कश्यप, कोच शिवेंद्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।


