रायपुर, 1 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव सुनाए।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष अवसर के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
विद्यार्थियों ने सुनाए राष्ट्रपति भवन के अनुभव
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों से जुड़े अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
CM साय ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई ऊंचाई देते हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
नुकेश कुमार वर्मा को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट और संवाद का विशेष अवसर मिला था।
इस दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मुलाकात का सबसे भावुक और यादगार क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी।
राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी जीवनभर याद रखने वाली विशेष स्मृति बन गया।


