रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना के विस्तार को बड़ी गति मिली है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से तैयार होने वाले इस स्टेडियम से जशपुर के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में विशेष रुचि को देखते हुए यह स्टेडियम महत्वपूर्ण साबित होगा। यहां नियमित प्रशिक्षण, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से बनने वाला यह आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा।
स्टेडियम के निर्माण से जशपुर में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही उभरती खेल प्रतिभाओं को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध होने से जिले में खेल का वातावरण और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में फुटबॉल स्टेडियम के लिए मिली 5.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


