रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं और वंचित वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। कबीरधाम जिले के ग्राम मरका, तहसील कवर्धा निवासी श्रीमती सती बाई कोरी के जीवन में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय (पीएम-अजय) योजना ने आत्मनिर्भरता की नई राह खोली है।
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित पीएम-अजय योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में ब्यूटी पार्लर व्यवसाय के लिए सती बाई को 50 हजार रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू करने के लिए विभाग में आवेदन किया। अनुदान और ऋण की सहायता से उन्होंने अपना व्यवसाय स्थापित किया।
सती बाई बताती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। योजना से मिली सहायता से उन्हें रोजगार का नया साधन मिला और अब वे अपने व्यवसाय के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे पा रही हैं।
वे नियमित रूप से ऋण की किश्त जमा कर रही हैं। साथ ही विभागीय अधिकारियों से मिलने वाले मार्गदर्शन से उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
सती बाई ने कहा कि विष्णु भइया के सुशासन में जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। शासन की योजना से मिले अनुदान और सहयोग से वे अपना काम शुरू कर पाईं। अब छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए किसी से कर्ज लेने की मजबूरी नहीं है और वे अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और वंचित वर्गों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पीएम-अजय योजना के जरिए हितग्राहियों को वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन देकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


