बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक युवक क्रेन पर चढ़ गया। युवक के काफी ऊंचाई तक पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। जैसे ही लोगों को युवक के क्रेन पर चढ़ने की जानकारी मिली, वहां कुछ देर के लिए तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
नशे में क्रेन पर चढ़ा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक शराब के नशे में क्रेन पर काफी ऊंचाई तक चढ़ गया था। उसे ऊंचाई पर देखकर नीचे मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। आयोजकों और वहां मौजूद लोगों ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की।
इस दौरान क्रेन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इससे संभावित हादसा टल गया।
आयोजकों ने युवक को पुलिस के हवाले किया
युवक के नीचे आने के बाद आयोजकों ने उसे पकड़ लिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


