जगदलपुर। आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 5 सितंबर को विकासखंड मुख्यालय तोकापाल में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 547 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाइयों का लाभ लिया।
शिविर में आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर रोग और चर्म विकार सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
मौसमी बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से करीब 350 नागरिकों को निःशुल्क आयुष काढ़ा वितरित किया गया। वहीं, नेत्र परीक्षण दल ने लोगों की आंखों की जांच की और जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए।
शिविर में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ ग्रामीणों को दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड स्क्रीनिंग, आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच, डिजिटल एक्स-रे और विभिन्न पैथोलॉजी लैब परीक्षण की सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।
इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर आयुष चिकित्सा, नेत्र जांच और विभिन्न आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ मिला।


