रायपुर/रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दे रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 2,495 पात्र ग्रामीण परिवारों के घरों में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) निर्माण के लिए 299.40 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे खुले में शौच की प्रवृत्ति को रोकने के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। योजना के तहत तमनार के 394, खरसिया के 357, घरघोड़ा के 45, पुसौर के 748 और धरमजयगढ़ के 951 परिवार लाभान्वित होंगे।
निर्माण पूरा होने के बाद प्रत्येक शौचालय की जियो-टैगिंग और आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार DBT के माध्यम से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। इससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिले में 2,495 परिवारों को शौचालय सुविधा मिलने से स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण को गति मिलेगी। जिला प्रशासन ने संबंधित जनपद पंचायतों को कार्यों में तेजी लाने, पात्र परिवारों को समय पर लाभ पहुंचाने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह पहल ODF Plus रायगढ़ के लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।


