रायपुर, 07 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सात प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए 30 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस राशि से नहरों के जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और भूमिगत पाइपलाइन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बलौदा शाखा नहर के वितरक 11 एवं 12 में रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और पक्के निर्माण के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 339.05 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। सोंढूर परियोजना के अंतर्गत बेन्द्री वितरक नहर की रिमॉडलिंग और सीसी लाइनिंग के लिए 4.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे 355 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड में महानदी परियोजना के अंतर्गत भाटापारा शाखा नहर में सुधार कार्यों के लिए 4.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मांढ़र शाखा नहर के वितरक 14 को आरडी 2700 से 3500 मीटर तक ह्यूम पाइप के माध्यम से भूमिगत करने के लिए 4.90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा मांढ़र ब्रांच केनाल सर्विस रोड पर आरडी 31600 से 32900 मीटर तक डामर सड़क निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपये, वितरक 8 एवं माइनर 1 में भूमिगत पाइपलाइन तथा कंक्रीट और मुरमीकरण रोड निर्माण के लिए 4.92 करोड़ रुपये और वितरक 11, 13, 14 एवं माइनर्स के जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4.97 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन विकास कार्यों से क्षेत्र में जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही नहरों की क्षमता और कार्यक्षमता बढ़ने से पानी को अंतिम छोर यानी टेल एरिया तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।


