CM साय ने सपरिवार देखी ‘हनुमान अंश’
रायपुर, 10 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों तथा विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।
‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में किया टैक्स फ्री
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म के टैक्स फ्री होने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
सत्य, सेवा और करुणा का संदेश
CM साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन मानव सेवा को ईश्वर की सच्ची सेवा के रूप में देखने की प्रेरणा देता है।
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ेगा सिनेमा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव सर्वोपरि रहा। उनका संदेश आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
उन्होंने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर जोर
CM साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति की शक्ति हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा के मूल्यों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा तथा उनके सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।


