उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण कर वहां की वर्तमान व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में यातायात के सुचारू और व्यवस्थित संचालन से संबंधित जानकारी भी ली।
ट्रक मालिक संघ से समस्याओं पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े सुझावों पर विचार किया।
उपयुक्त स्थान चयन पर मंथन
विजय शर्मा ने ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त स्थान के चयन को लेकर भी प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और आम नागरिकों को यातायात संबंधी परेशानी से राहत दिलाने के लिए बेहतर ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मनीराम साहू, राजेन्द्र मिश्रा, रिंकेश वैष्णव, हेमचंद चंद्रवंशी, सचिन गुप्ता, अमित वर्मा सहित ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


