रायपुर, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी सुश्री संजू देवी को फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता देश के लिए गौरव का क्षण है। इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के बल पर भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सफलता उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
भारत ने ईरान को हराकर जीता स्वर्ण
एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही।
टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 42-21 से हराया था। इस मैच में छत्तीसगढ़ की संजू देवी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहें।


