रायपुर, 26 सितंबर 2026। तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गांव की नई पहचान का राजपत्र लेकर कबीरधाम जिले के चंदनपुर पहुंचे। लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्होंने राजपत्र की प्रति सौंपी और उन्हें बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए जुटे रहे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए कहा कि गांव के नाम परिवर्तन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और अंततः नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।
राजपत्र में प्रकाशन के बाद ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज रहेगा।
चंदनपुर के विकास के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा
नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री ने गांव के विकास कार्यों के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को नाम परिवर्तन के बाद अपने दस्तावेजों में भी गांव का नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराने की व्यवस्था की जाएगी।
नई पहचान को सरकारी रिकॉर्ड में किया जाएगा दर्ज
गांव का नाम बदलने के बाद अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी रिकॉर्ड और शासकीय पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भी अपने दैनिक व्यवहार और बोलचाल में गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां भी गांव को इसी नाम से जानेंगी और इसकी नई पहचान आगे कायम रहेगी।
‘गांव का नाम इतिहास और जनभावनाओं से जुड़ा होता है’
विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तन से क्षेत्र की स्थानीय पहचान और ग्रामीणों की भावनाओं को मजबूती मिलेगी।
बारिश के बीच ग्रामीणों ने मनाई खुशी
तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वागत के लिए पहुंचे। राजपत्र की प्रति मिलने के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही नाम परिवर्तन की मांग पूरी होने पर प्रसन्नता जताई।


