लखनऊ/वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षित साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के करीब आठ दिन बाद राधा केलि कुंज आश्रम की ओर से पहला लिखित बयान सामने आया है। श्री हित राधा केलि कुंज ट्रस्ट ने कहा कि साधक की मौत से महाराज और पूरा परिकर आहत है। ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचने की अपील
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अपुष्ट जानकारी, अफवाह या अनुमान के आधार पर किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
ट्रस्ट का कहना है कि पुलिस की निष्पक्ष जांच से घटना से जुड़े वास्तविक तथ्य सामने आएंगे। साथ ही लोगों से ऐसी किसी भी जानकारी को साझा करने से बचने की अपील की गई है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है।
अनिरुद्ध आचार्य ने किया प्रेमानंद महाराज का समर्थन
चर्चित कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य ने भी प्रेमानंद महाराज के समर्थन में बयान दिया है। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग टीआरपी और व्यूज के लिए पूरी जानकारी के बिना बयानबाजी करते हैं।
उन्होंने लोगों द्वारा खुद ही फैसला सुनाने पर भी सवाल उठाया। अनिरुद्ध आचार्य ने प्रेमानंद महाराज की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को भक्ति मार्ग से जोड़ा है।
बाल संरक्षण आयोग को पत्र
इस मामले के बीच मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखा है।
पत्र में आश्रम में रहने वाले नाबालिग बच्चों को लेकर जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि कुछ बच्चों के परिवार उन्हें तलाशते हुए आश्रम पहुंचते हैं और कुछ मामले संदिग्ध प्रतीत होते हैं।
पत्र में कथित रूप से लापता बच्चों से जुड़े मामलों की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की गई है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
CCTV फुटेज में तनाव में नजर आया रसिक
रसिक दुलारी शरण की मौत की पुलिस जांच जारी है। पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, CCTV फुटेज में वह घटना से पहले तनाव में दिखाई दिया।
बताया गया है कि करीब दो घंटे कमरे में रहने के बाद वह बाहर निकला और सीढ़ियों से छत पर पहुंचा। CCTV फुटेज में वह छत पर बेचैन नजर आया। इसके बाद वह पहले मुंडेर पर बैठा, फिर छत पर लेट गया और कुछ देर बाद अचानक उठकर छलांग लगा दी।
घटना के समय उसका रूम पार्टनर जुगल शरण केली कुंज गया हुआ था। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी तस्वीर
रसिक दुलारी शरण की मौत को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। ऐसे में मौत की परिस्थितियों और इससे जुड़े अन्य सवालों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


