रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। बरसात खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण के काम तेजी से धरातल पर उतरेंगे। राज्य शासन ने इसके लिए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा सड़कों का उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है।
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को जल्द से जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
विष्णु देव साय बोले- मजबूत सड़क-पुल अधोसंरचना विकास की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
अरुण साव बोले- बरसात के बाद तत्काल गति देंगे निर्माण कार्य
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने प्रदेशभर में 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
अरुण साव ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
24 परियोजनाओं में 7 नई सड़कें, 2 पुल और 12 चौड़ीकरण कार्य
लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत 24 कार्यों में:
- 7 नई सड़कों का निर्माण
- 2 पुल एवं पहुंच मार्गों का निर्माण
- 3 सड़कों का उन्नयन
- 12 सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण
शामिल है।
दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव समेत कई जिलों में नई सड़कें
दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग में पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28.02 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई है।
धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19.26 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46.22 करोड़ रुपये, बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर झाल-नगपुरा मार्ग के लिए 29.91 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।
महासमुंद में 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग के लिए 11.28 करोड़ रुपये, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए करीब 14 करोड़ रुपये तथा रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13.74 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई है।
अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल
बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी के उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 17.63 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।
वहीं चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी के उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 7.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन पुलों के बनने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
करीब 79 करोड़ से तीन सड़कों का होगा उन्नयन
सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78.96 करोड़ रुपये की निविदाओं को मंजूरी दी गई है।
इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग 37.37 करोड़ रुपये, रायपुर में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अभनपुर हिस्से के 2.60 किलोमीटर फोरलेन उन्नयन के लिए 17.32 करोड़ रुपये तथा रायगढ़ के 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के लिए 24.26 करोड़ रुपये शामिल हैं।
धमतरी में कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण
धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया NH-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के लिए 14.45 करोड़ रुपये, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13.32 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
इसके अलावा 9 किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23.12 करोड़ रुपये और 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के लिए 19.42 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई है।
राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11.70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
रायगढ़ में फोरलेन के साथ विद्युतीकरण
रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59.49 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
इसी तरह रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 47.77 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है।
कांकेर से सरगुजा तक मजबूत होगा सड़क नेटवर्क
कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग के पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 85.83 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
बेमेतरा में 30.80 किलोमीटर देवकर-साजा-खम्हरिया मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 30.22 करोड़ रुपये, दुर्ग में 15.50 किलोमीटर भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14.16 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
सरगुजा में 28 किलोमीटर सोनतराई-मैनपाट मार्ग के मजबूतीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 26.07 करोड़ रुपये तथा महासमुंद में 25.90 किलोमीटर बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 59.89 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है।
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी विशेष नजर
राज्य शासन ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को विभागीय मापदंडों के अनुसार कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने को कहा गया है।
विभाग के अनुसार स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट नहीं किया जा सकेगा और कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। अनुबंधित समयावधि में कार्य पूरा कराने तथा प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा में अनुबंध के अनुसार कार्य संपादित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।


