IMF के अनुमान को बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था का प्रमाण, विकसित भारत @2047 के संकल्प पर दिया जोर
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) द्वारा भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर जारी अनुमान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में नया भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत की आर्थिक विकास क्षमता और विकास यात्रा को रेखांकित किया।
IMF ने 2026 और 2027 में 7% विकास दर का अनुमान जताया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुमान के अनुसार, वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने की संभावना है। वहीं, वर्ष 2026 में वैश्विक आर्थिक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और वैश्विक अर्थव्यवस्था की विकास दर के बीच यह अंतर देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती, निरंतरता और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।
आर्थिक सुधारों और डिजिटल अर्थव्यवस्था से विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान व्यापक आर्थिक सुधार किए गए हैं। अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था का विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे प्रयासों ने देश की विकास यात्रा को गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और वैश्विक आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विकसित भारत @2047 के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती और विकास के लिए किए जा रहे प्रयास विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर काम कर रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ भी अपनी पूरी क्षमता के साथ सहभागी है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों में निरंतर प्रयासों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को गति देने और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।


