कबीरधाम/रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने देवी पंडालों में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सड़क, सामुदायिक भवन, मंच, शेड सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते नजर आए। इस दौरान देवी पंडाल जनसमस्या निवारण और ग्रामीणों की मांगें सुनने का केंद्र बना।
मढ़मढ़ा में कई विकास कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। मां दुर्गा के दर्शन के बाद उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई निर्माण कार्यों की घोषणा की।
घोषित कार्यों में दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपये और ग्राम के वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण शामिल है।
इसके अलावा मुक्तिधाम में वीबी जीरामजी के अंतर्गत शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड निर्माण और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की गई। गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य तथा 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्य भी प्रस्तावित किए गए।
मैनपुरी में मां दुर्गा के दर्शन कर की सुख-समृद्धि की कामना
विजय शर्मा ग्राम मैनपुरी भी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
नेवरीगुड़ा के पंडाल में 36 देवी-देवताओं और चारों धाम की झांकियां
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम नेवरीगुड़ा में नवरात्रि के अवसर पर स्थापित प्रसिद्ध मां दुर्गा पंडाल का भी भ्रमण किया। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां स्थापित की गई हैं।
उन्होंने धार्मिक झांकियों का अवलोकन कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों की मांग पर नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
इसके साथ ही ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण और शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की गई।
सूरजपुरा के मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना
ग्रामीण प्रवास के दौरान विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
धार्मिक आयोजनों के साथ जनसंवाद पर जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के इस ग्रामीण प्रवास में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर रहा। विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई और सड़क, सामुदायिक भवन, शेड तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की घोषणाएं की गईं।
नवरात्रि के अवसर पर देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों की मांगों को सुनने और विकास कार्यों की घोषणा करने की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास के रूप में सामने आई।


