कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के तीन गांवों में कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से ग्राम सारंगपुर कला, कारेसरा और मड़मड़ा में सड़क सुविधाएं बेहतर होंगी तथा ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस दौरान उन्होंने सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।
तीन गांवों में इस लागत से बनेगा गौरव पथ
भूमिपूजन किए गए निर्माण कार्यों में तीनों गांवों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है।
- सारंगपुर कला: 47.85 लाख रुपये
- कारेसरा: 59.63 लाख रुपये
- मड़मड़ा: 48.19 लाख रुपये
इन गौरव पथों के निर्माण से गांवों में सड़क संपर्क बेहतर होने और ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विजय शर्मा ने दिए गुणवत्ता और टिकाऊ निर्माण के निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौरव पथ निर्माण में गुणवत्ता और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सड़कें ऐसी बननी चाहिए, जो लंबे समय तक ग्रामीणों के उपयोग में आ सकें।
उन्होंने ग्राम बंदौरा की सड़क का उदाहरण देते हुए बताया कि खराब सड़क की शिकायत मिलने पर उसे उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की।
जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी इसी दौरान की गई। इससे गांव में सड़क सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई है।
12 लाख से अधिक आवासों के निर्माण का किया उल्लेख
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को आवास का लाभ दिलाने के लिए सर्वे सूची के अनुसार आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बस्तर में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर
विजय शर्मा ने बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है।
बस्तर में पेड़ों की कटाई और बड़ी खनन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने लोगों से मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखने की अपील की। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया।
जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे और जनपद अध्यक्ष श्री रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवरात्रि के अवसर पर विजय शर्मा ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।


