रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख आस्था केंद्र भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 28 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत वाले तीन सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रदेश सरकार सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और न्याय के उनके आदर्शों पर चलते हुए विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
29 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन
क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लगभग 28 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत वाले तीन सड़क प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग का चौड़ीकरण, नरदहा में आंतरिक मार्ग का निर्माण और छतौना से लखौली तक सड़क का डामर नवीनीकरण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
स्कूलों और नगर पंचायत भवन के निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चार निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें खमतराई में 75 लाख रुपये की लागत से हाई स्कूल भवन, ओड़का में 30 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक शाला भवन, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में एक करोड़ रुपये के निर्माण कार्य और चंदखुरी में 85 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाने की भी घोषणा की गई।
सतनामी समाज के 200 युवाओं को मिलेगी कोचिंग की सुविधा
सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित कोचिंग में उपलब्ध सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इस पहल से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और अपने करियर को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
संत समागम में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु हुए शामिल
कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू, विधायक रोहित साहू सहित सतनामी समाज के संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भण्डारपुरी धाम में आयोजित इस समागम में सामाजिक समरसता, गुरु घासीदास जी के विचारों और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषय प्रमुख रहे।


