रायपुर। आम लोगों को बांटे जाने वाले दूध में डिटर्जेंट की मिलावट की बात सामने आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रीन वैली जुनवानी स्मृति नगर में 55 लीटर दूध की प्राथमिक जांच चलित प्रयोगशाला में की।
इधर त्योहारी सीजन में दूध और खोवा से बनी मिठाइयों में मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग द्वारा दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित मिष्ठान दुकानों में जाकर मिठाइयों को नमूना जांच के लिए लिया जा रहा है। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हर वर्ष त्योहार के सीजन में मिठाइयों व अन्य खाद्य सामग्रियों में मिलावट की आशंका बनी रहती है। खासकर दूध और खोवे से बनी मिठाइयों में मिलावट की शिकायतें ज्यादातर देखने- सुनने को मिलती है। इस पर अंकुश लगाने खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिष्ठान दुकानों की जांच की जा रही है।

