लखनऊ। अफगानिस्तान ने आज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी की बेहतरीन गेंदबाजी और कप्तान हशमतउल्लाह शहीदी के नाबाद 56 रन तथा रहमत शाह 52 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत एकतरफा अंदाज में नीदरलैंड्स को सात विकेट से हराते हुए सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा।
लखनऊ के ईकाना स्टेडियम में खेले गए 34वें मैच में अफगान लड़कों ने नीदरलैंड्स को 7 विकेट से हराकर विश्व कप में अपनी चौथी जीत दर्ज की. इसके साथ ही अफगानिस्तान के 7 मैचों में 4 जीत से 8 अंक हो गए हैं और वह पॉइंट टेबल में पाकिस्तान को पछाड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है. अफगानिस्तान की यह लगातार यह तीसरी जीत है. इससे पहले हशमतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी वाली अफगानिस्तान की टीम ने पाकिस्तान और श्रीलंका को धोया था.
नीदरलैंड्स की ओर से रखे गए 180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 31.3 ओवर में 3 विकेट पर 181 रन बनाए. अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 54 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 52 रन बनाए जबकि कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी नाबाद 56 रन बनाकर नाबाद लौटे. ओपनर इब्राहिम जादरान ने 20 रन बनाए वहीं रहमनुल्लाह गुरबाज 10 रन बनाकर आउट हुए.
नीदरलैंड्स की टीम 179 रन पर ढेर हो गई
इससे पहले, साइब्रांड एंजेलब्रेक्ट (86 गेंद में 58 रन) की जुझारू पारी के बावजूद नीदरलैंड की टीम 46.3 ओवर में 179 रन पर आउट हो गई. एंजेलब्रेक्ट ने एक छोर से विकेटों के पतन के बाद दूसरे छोर से अफगानिस्तान के स्पिनरों का डटकर सामना किया जिससे टीम 47 ओवर तक बल्लेबाजी करने में सफल रही. उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके जड़े. पहले ओवर में वेस्ली बारेसी (01 रन) का विकेट गंवाने के बाद मैक्स ओ डाउड (40 गेंद में 42 रन) और कोलिन एकरमैन (35 गेंद में 29 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 64 गेंद में 70 रन की साझेदारी कर नीदरलैंड के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी. डाउड और एकरमैन ने अफगानिस्तान के तेज गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन बनाए. डाउड ने 9 तो वही एकरमैन ने अपनी पारी में चार चौके लगाए.

