राजनांदगांव। जिले के साल्हेवारा बॉर्डर से लगे मध्यप्रदेश के लांजी क्षेत्र में नक्सलियों ने एक ग्रामीण की मुखबिरी के संदेह में हत्या कर दी है। ग्रामीण को गोली मारकर नक्सलियों ने मौत के घाट उतार दिया है। मौके पर से कुछ पर्चें भी फेंके गए हैं। हत्या की जिम्मेदारी मलाजखंड दलम के नक्सलियों ने ली है।
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार रात की है। बॉर्डर के गांव भक्कूटोला में रहने वाले 46 वर्षीय शंकर पंद्रे को हथियार बंद नक्सली अपने साथ उठा ले गए थे। सुबह शंकर की लाश गांव के बाहर मिली। शंकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को मिली। नक्सलियों ने शंकर को पुलिस का मुखबिर बताया है। जिसकी वजह से उसे मौत की सजा देने की बात कही है। इधर चुनाव के दौरान फोर्स ने जंगल में सर्चिंग तेज की थी, इसी बीच नक्सल हत्या की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

