रायपुर। छत्तीसगढ़ में 14 ठिकानों पर आईटी ने दबिश दी है। रायपुर, भिलाई, दुर्ग और बालोद समेत जामुल में आईटी की सर्च ऑपरेशन जारी है। देव माइनिंग कंपनी, ढिंघानी फायर वर्क्स, हुकमचंद एंड हिम्मतचंद गहलोत फायर वर्क्स के संचालकों समेत पार्टनरो के घर, ऑफिस समेत गोदामों पर एक साथ आईटी की टीमों ने दबिश दी। सर्च ऑपरेशन में 100 आईटी के अधिकारी, जिसमे कलकत्ता की टीम समेत 40 सशस्त्र सीआरपीएफ जवान शामिल है।
ये पूरा सर्च ऑपरेशन आईटी के इन्वेस्टिगेशन विंग से गगन गिरी गोस्वामी एवं नवल जैन नामक अधिकारी की निगरानी में चल रहा है। इस पूरे ऑपरेशन की कमान अतिरिक्त निदेशक (इन्वेस्टिगेशन) ऋतुपर्ण नामदेव के मार्गदर्शन में चल रहा है, जिसकी सतत निगरानी प्रमुख निदेशक (इन्वेस्टिगेशन विंग एमपी, सीजी) सुनील कुमार सिंह कर रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, कार्यवाही दो दिन और चलने की संभावना है।

