रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक मामले में एक एएसआई, एक हवलदार और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बुधवार रात बताया कि प्रधानमंत्री के काफिले में लापरवाही बरतने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। तीनों को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के लिये निलंबित किया गया है। इनमें एक एएसआई अबु जफर, हवलदार छोटेलाल टुडू और सिपाही रंजन कुमार शामिल है।
बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार रांची के दौरे पर हैं. पीएम सुबह राजभवन से निकलकर जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा मेमोरियल सह पार्क जा रहे थे. इसी दौरान रेडियम रोड में उनकी सूरक्षा में चूक सामने आई. एक महिला के अचानक काफिले में घुसने की वजह से इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा.
पीएम मोदी का काफिला रुकने की वजह से तुरंत एनएसजी और दूसरे सुरक्षा गार्ड्स अलर्ट हो गए. सुरक्षा टीम और पुलिस के जवान तुरंत महिला को सड़क किनारे ले गए. जिसके बाद पीएम का काफिला आगे की ओर बढ़ गया. प्रधानमंत्री के काफिला के आगे बढ़ने के साथ ही पुलिस उस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि महिला अपनी कुछ समस्याओं को पीएम मोदी के सामने रखना चाहती थीं.

