रायपुर। राजधानी में 1 दिसंबर को भारत -आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले टी-20 सीरीज के मैच के टिकटों में भारी कटौती हुई है। टिकट के 3500 रुपए न्यूनतम दाम को लेकर चल रहे विवाद का छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने हल निकाल लिया है। टिकट का न्यूनतम दर 2 हजार रुपए होगा। शनिवार को संघ ने दाम घटाने की घोषणा कर दी। हालांकि CSCS इस फैसले से क्रिकेट प्रेमियों को थोड़ी खुशी होगी, लेकिन ये जानकर नाराजगी होगी कि 2000 रुपए दाम किए जाने के बाद भी टिकट नहीं मिल रहे हैं।
संघ सचिव मुकुल तिवारी ने बताया कि टिकट के दाम को लेकर पेटीएम से गलती हुई। उन्होंने तकनीकी खराबी के चलते 2 हजार रुपए के टिकट की घोषणा नहीं की। इसी को लेकर विवाद हुआ। जबकि छात्रों के टिकट में कोई कटौती नहीं की गई है। पूर्व में तय किए गए रेट 1 हजार रुपए में ही मिलेगा।

