उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी सुरंग बचाव अभियान में रेस्क्यू के दूसरे विकल्प के तौर पर सुरंग के ऊपर पहाड़ी पर शुरू की गई वर्टिकल ड्रिलिंग में अब तक 20 मीटर ड्रिलिंग पूरी हो चुकी है। अभियान की जानकारी देते हुए एनडीएमए के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने बताया कि सुरंग के ऊपर से वर्टिकल ड्रिलिंग आज दोपहर लगभग 12 बजे शुरू हुई और फंसे हुए श्रमिकों तक पहुंचने के लिए 86 मीटर खुदाई की आवश्यकता है। अब तक 20 मीटर ड्रिलिंग हो चुकी है।
एनएचआईडीसीएल के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद ने बताया कि हमने शनिवार से और 2 से 3 विकल्पों पर काम करना शुरू कर दिया है। एसजेवीएनएल को वर्टिकल ड्रिलिंग का जिम्मा दिया है। उन स्थानों की पहचान भी कर ली गई है, जहां ड्रिलिंग बेहतर हो सकती है। लगभग 20 मीटर की ड्रिलिंग पूरी हो चुकी है। अनुमान है कि कुल 86 मीटर की ड्रिलिंग की जानी है। हमें लगता है कि ड्रिलिंग अगले 2 दिनों में पूरी हो जाएगी।
उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल हादसे को आज पूरे 15 दिन हो गए हैं लेकिन अभी भी रेस्क्यू टीम को कोई सफलता नहीं मिली है। बीते 3 दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन में लगातार कई परेशानियां आ रही हैं, जिसके चलते ड्रिलिंग का काम रुक गया था। शनिवार को अमेरिकी हैवी ऑगर मशीन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते मशीन का हिस्सा टनल में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए हैदराबाद से प्लाजमा कटर मशीन बुलवाई गई, जो देर रात देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची। उसके बाद उस मशीन को रविवार को सिलक्यारा टनल पहुंचाया गया। फिर प्लाजमा कटर मशीन से कटिंग का काम शुरू किया गया, जिसमें वक़्त लगेगा।

