कोरिया। अश्लील फोटो उसके घरवालों के मोबाइल पर भेजने के बाद युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिला निवासी ग्रामीण भैयालाल ने 14 अप्रैल 2023 को अपनी बेटी पूजा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने की रिपोर्ट सोनहत थाने में दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी बेटी ने 13 अप्रैल को यह कदम उठाया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की। इस दौरान पता चला कि मृतका मोबाइल फोन से औरंगाबाद बिहार निवासी धर्मेंद्र कुमार ठाकुर से बातचीत करती थी। धर्मेंद्र कुमार ठाकुर ने मृतका और उसके परिवार को मृतका के कुछ अश्लील फोटोग्राफ्स वाट्सएप के माध्यम से भेजा था। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने आत्महत्या कर ली थी।
आरोपी की खोजबीन के लिए उप निरीक्षक आरपी साहू के नेतृत्व में टीम औरंगाबाद बिहार गई थी। यहां संदिग्ध आरोपी धर्मेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
इस दौरान आरोपी ने बताया कि मृतका के अश्लील फोटोग्राफ्स सुनील दास उर्फ शाहिद निवासी इटार जिला औरंगाबाद ने उसे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुनील दास उर्फ शाहिद को इटार जिला औरंगाबाद से गिरफ्तार कर सोनहत कोरिया छत्तीसगढ़ लाया गया।

