रायगढ़। जिले के गांव में पैरावट के बाद महिला और बच्चे की जली हुई लाश मिली है। शव इतना हद तक जल चुका है कि उसकी पहचान भी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक अज्ञात कार से आकर महिला और बच्चे के शव को पैरावट में फेंका और फिर उसे जला दिया। फिर कार सवार मौके से भाग खड़े हुए। घटना आधी रात की है। महिला और बच्चे को जलते देख लोगों की भारी भीड़ लग गई. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इस पर पुलिस अपनी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. घटना शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेतनागर ग्राम की है. पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने पंचनामा की कार्यवाही के बाद प्रारंभिक जांच में यह पाया कि महिला के सिर पर गहरे चोट के निशान है। दोनो शवों को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि घटना को रात दो से ढाई बजे के बीच अंजाम दिया गया था।
इस मामले में एसएसपी सदानंद कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. महिला और बच्चे की कहीं और हत्या कर यहां पर लाशों को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. इसके लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है. लाशों के पोस्टमॉर्टम के बाद स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल लाश की शिनाख्ती नहीं हो पाई है. इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.

