कोरबा। जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। मितानिन ने इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि मितानिन एक गर्भवती महिला का प्रसव कराने के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। प्रसव के बाद मितानिन किसी बात को लेकर नाराज थी। फिर प्रसव कक्ष के भीतर पहुंचकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगी। जिसको लेकर डॉक्टर ने एतराज जताया। जिससे मितानिन आगबबूला हो गई और महिला डॉक्टर से मारपीट करने लगी. जिसकी रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदुरमाल में रहने वाली गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुआ. जिसे लेकर गांव की मितानिन प्रसव कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची. इस दौरान ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला को प्रसव कक्ष में दाखिल कर लिया. जहां कुछ समय बाद महिला चिकित्सक के देखरेख में प्रसुता ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दी. महिला चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी प्रसव कक्ष में जच्चा-बच्चा का निरीक्षण में लगे हुए थे. इस बीच मितानिन भी सीधे लेबर रूम के भीतर पहुंच गई. जहां वह किसी बात को लेकर नाराज हो गई. उसने नाराजगी में अपने मोबाइल से प्रसव कक्ष के भीतर ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया. महिला चिकित्सक ने मितानिन जैसे पद पर कार्य करने वाली महिला के इस करतूत पर एतराज जताई और वीडियो बनाने से मना किया. यह बात मितानिन को नागवार गुजरी और महिला डॉक्टर से मारपीट शुरू कर दी. इस बीच आपाधापी में मितानिन का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया.

