महासमुंद। जिले में ओडिशा से होने वाले धान तस्करी पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी सफलता हासिल की है. इस बार प्रशासन ने ठोस रणनीति बनाकर काम किया, तो दूसरे प्रदेश से धान लाकर बेचने के अब तक एक भी मामले सामने नहीं आए हैं.
ऐसे लगाई रोक
महासमुंद जिले का अधिकांश हिस्सा ओडिशा प्रदेश से सटा होने के कारण बिचौलिये धान लाकर छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सीमावर्ती उपार्जन केंद्रों में बेच देते थे. इन बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए इस साल जिले में 16 जांच चौकियां बनाई गईं. जिसमें राजस्व, मंडी, नगर सैनिक, फॉरेस्ट, ग्राम पंचायत सचिवों की टीम तैयार की. यह संयुक्त टीम बनाकर 24 घंटे सतत निगरानी रख रही है. दरअसल, जिले के चार ब्लॉक ओडिशा से सटे हुए हैं. सरायपाली ब्लॉक में 5 चौकी बनाए गए हैं. वहीं, बसना ब्लॉक में 3 , पिथौरा ब्लॉक में 3 और बागबाहरा ब्लॉक में 5 जांच चौकियां बनाई गई है. यहां अब तक एक भी प्रकरण नहीं आया है.

