कवर्धा। चेकिंग के दौरान कवर्धा पुलिस ने एक कार से 4 किलो सोना बरामद किया ,जिसका बाजार मूल्य 3 करोड़ रुपए से अधिक है। मामले में पुलिस ने दो सेल्समैन को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बिना दस्तावेजों के भारी मात्रा में सोना लेकर जा रहे हैं.
इस पर थाना कवर्धा पुलिस ने नाकाबंदी कर एक कार को रोका. कार में रायपुर के टिकरापारा, भगत चौक निवासी उमाशंकर साहू और रायपुर बैरन बाजार, फव्वारा चौक निवासी जावेद जिवानी सवार थे. तलाशी लेने पर सोने के नेकलेस, अंगूठी, चूड़ी, एयर रिंग्स, मंगलसूत्र चैन, बिंदिया नथ और अन्य सोने के आभूषण मिले (कुल वजन 4000.700 ग्राम) जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए है. इसके साथ ही 8.40 लाख रुपए नगद कैश बरामद हुआ.
जानकारी के मुताबिक, बरामद सोना रायपुर के एक बड़े सराफा व्यापारी का हो सकता है, जो कवर्धा के सराफा दुकानों में बेचने के लिए आया था. हालांकि, सेल्समैन अब तक सोने का ओरिजिनल बिल और GST बिल पुलिस के सामने पेश नहीं कर पाया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में तथा एसडीओपी कवर्धा कृष्ण कुमार चंद्राकर (DSP) के पर्यवेक्षण में संपन्न की गई.

