पाकिस्तान। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से इन दिनों चारों तरफ लोगों में आक्रोश का माहौल है। हर कोई इस आतंकी हमले की निंदा कर रहा है। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान को जवाब देने के लिए एक के बाद एक कई एक्शन भी लिए हैं। वहीं भारत की कार्रवाइयों से पाकिस्तान को लगातार हमले का डर सता रहा है। इस बीच खबर मिली है कि, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 1,000 से अधिक मदरसों को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
दरअसल, PoK के धार्मिक मामलों के विभाग के प्रमुख हाफिज नजीर अहमद ने बताया कि, स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। मालूम हो कि, यह फैसला सीमा पर बढ़ते तनाव और युद्ध की संभावना को देखते हुए किया गया है। इसके साथ ही पाकिस्तान में कई जगह अलर्ट भी जारी किया गया है।
बता दें कि, पाकिस्तान-प्रशासित कश्मीर के मुख्य शहर मुजफ्फराबाद में इमरजेंसी सर्विस के कार्यकर्ताओं ने भी स्कूल के बच्चों को सिखाना शुरू कर दिया है कि अगर भारत हमला करता है तो उन्हें क्या करना चाहिए।


