रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन ईडी की टीम ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर पर दबिश दी है। भूपेश बघेल के घर पर ईडी के छापे की खबर मिलते ही सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, अब खबर आ रही है कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हिरासत में ले लिया गया है। चैतन्य बघेल को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भूपेश बघेल के भिलाई 3 आवास के बाहर जमा हुए हैं। साथ ही भूपेश बघेल के भिलाई तीन बंगले के सामने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि चैतन्य बघेल के जन्मदिन के मौके पर बंगले के पास समर्थक ब्लड कैंप लगाने की तैयारी में हैं।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर ED की टीम ने दबिश दी है। ED की टीम पूर्व सीएम बघेल के भिलाई स्थित निवास पर पहुंची है और घर में जांच का रही है। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी तीन गाड़ियों में भूपेश बघेल के आवास पर पहुंचे और भारी संख्या में सुरक्षा जवानों की भी तैनाती की गई है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है।
वहीं, ईडी की कार्रवाई को लेकर भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा है कि ”जन्मदिन का जैसा तोहफ़ा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता। मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी। और अब मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर ईडी की टीम छापामारी कर रही है। इन तोहफ़ों का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।
ईडी की कार्रवाई को लेकर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने ट्वीट कर लिखा है कि आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर ED की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि— क्या जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है? विपक्ष का कर्तव्य है सरकार से जवाब मांगना। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार की विफलताओं और सत्ता के दुरुपयोग पर सवाल पूछने पर हमारे नेताओं को इस तरह लगातार निशाना बनाया जाना चिंताजनक है।
बता दें कि, ED की टीम पहले भी पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर दबिश दे चुकी है। ED की टीम ने भूपेश घायल के साथ-साथ उनके कई करीबियों के घर भी छापा मारा था। इस दौरान भूपेश बघेल के समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान भूपेश बघेल के समर्थकों ने अधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की थी और बाद में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।

