गुना। सोशल मीडिया और तकनीक के इस दौर में जहां संवाद आसान हुआ है वहीं साइबर ठगों ने लोगों को फंसाने के तरीके भी और शातिर बना लिए हैं। ऐसा ही एक मामला गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक को लड़की बनकर फंसाया गया और उसका अश्लील वीडियो बनाकर मोटी रकम की ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई। मामले ने तब तूल पकड़ा जब पुलिस को भी शक हुआ कि फोन पर बात करने वाली ‘लड़की’ दरअसल कोई और ही हो सकता है।
आरोपियों ने पहले एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल रीना सोनी के नाम से बनाई। फिर उस प्रोफाइल से युवक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। चैटिंग शुरू हुई फोन नंबर एक्सचेंज हुआ और लड़की जैसी आवाज़ में बात करने वाले साइबर ठग ने युवक का विश्वास जीत लिया। कुछ ही दिनों में बात वीडियो कॉलिंग तक पहुंच गई। फर्जी लड़की ने युवक को व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक स्थिति में लाकर उसकी रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद शुरू हुआ असली खेल ब्लैकमेलिंग का। आरोपी ने युवक से पैसों की मांग शुरू कर दी और जब वह नहीं माना तो युवक के एक रिश्तेदार को भी इसी तरीके से फंसा लिया। आरोपी ने 50 हजार रुपये की मांग की जिसमें से 10 हजार रुपये वह वसूल भी चुका था।

