पटना। बिहार के नालंदा जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां नीतीश सरकार में मंत्री और जेडीयू नेता श्रवण कुमार के काफिले पर असमाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में मंत्री श्रवण कुमार के बॉडीगार्ड घायल हुए हैं। इतना ही नहीं हमला करने वाले असमाजिक तत्वों ने करीब एक किलोमीटर तक मंत्री के काफिले का पीछा भी किया। ‘
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला हिलसा थाना इलाके के मलावां गांव का है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार यहां सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे और इसी दौरान कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया। हमले के बाद मंत्री आनन-फानन में गांव से निकले, लेकिन गुस्साई भीड़ ने लगभग एक किलोमीटर रक उनके काफिले का पीछा किया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आपको बता दें कि, दो दिन पहले एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय विधायक प्रेम मुखिया और मंत्री श्रवण कुमार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए गांव पहुंचे थे। पीड़ितों के परिवार से मिलने के बाद अब सभी लोग बाहर निकल रहे थे, तभी असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद मंत्री और विधायक किसी तरह से मौके से भागे। कई सुरक्षाकर्मियों को चोट लगी है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है।

