नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कारोबारी समीर मोदी को एक कर्मचारी के ‘यौन उत्पीड़न’ के एक मामले में गिरफ्तार किया है। समीर आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष और भगोड़े ललित मोदी के भाई हैं। वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे विदेश से भारत लौटा थ। इमिग्रेशन अधिकारियों ने इसकी सूचना फ़ौरन दिल्ली पुलिस दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
दरअसल पुलिस ने पिछले महीने उसके एक कर्मचारी की शिकायत पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। उस समय समीर विदेश में था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। फिलहाल समीर को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने अदालत में तीन दिन की रिमांड मांगी थी। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें उसे घटनास्थल पर ले जाया जाएगा और जरूरी सामानों को बरामद किया जाएगा। हालांकि समीर के वकील ने अदालत में कहा कि वह निर्दोष है और जबरन वसूली का शिकार हुआ है।
समीर के खिलाफ एफआईआर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में दर्ज की गई थी और डीसीपी हेमंत तिवारी मामले की जांच कर रहे है। पुलिस के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि एफआईआर में प्रमोशन और बेहतर रोज़गार के “झूठे वादों” के बहाने बार-बार बलात्कार का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसके साथ उसके घर, कार्यालय और होटलों में कथित तौर पर बलात्कार किया गया।

