कुरनूल। राजस्थान के जैसलमेर में पिछले दिनों एक भीषण हादसा सामने आया था। यहां सवारी बस में लगी आग में जलकर 22 यात्रियों की मौत हो गई थी तो वही एक इसी तरह की घटना आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भी सामने आई है। यहां भी एक सवारी बस में आग लग गई है। शुरुआती आशंकाओं के मुताबिक बस में 40 यात्री सवार थे जिसमें करीब 20 सवारियों की ज़िंदा जलकर मौत होने की खबर है। बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया गया है। दमकल कर्मियों के साथ प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ यह बस कावेरी ट्रेवल्स की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुंआ उठने के बाद बस देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। कई लोग शीशा तोड़कर बाहर आते भी देखें गये। बहरहाल आग बुझने के बाद ही मरने वालों के मौत का असल आंकड़ा सामने आएगा। आगजनी का एक अन्य मामला गुजरात के वलसाड में सामने आया है। यहां आज (शुक्रवार) तड़के एक पेपर मिल में भीषण आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि 80 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया है।
अग्निशमन अधिकारी बीजी चावड़ा ने कहा, “हमें रात 11.30 बजे के बाद सूचना मिली कि रामा पेपर मिल में आग लग गई है। हमारी पाँच गाड़ियाँ यहाँ पहुँचीं और हमने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। 80% आग पर काबू पा लिया गया है। यह एक पेपर मिल है, इसलिए कागज़ के बंडल और बाकी सब कुछ वहीं है… कोई जनहानि नहीं हुई है।” इसी तरह की एक अन्य घटना देश की राजधानी दिल्ली में सामने आई है। यहां खानपुर एक्सटेंशन में एक कपड़ा फैक्ट्री में गुरुवार रात आग लग गई, अधिकारियों को आशंका है कि इसका कारण शॉर्ट सर्किट है।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 4 से 5 दमकल गाड़ियाँ घटनास्थल पर भेजी गईं और बाद में आग पर काबू पा लिया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अग्निशमन अधिकारी श्रवण लाल मीणा ने कहा, “यहाँ एक कपड़े की फैक्ट्री थी जहाँ आग लग गई। घटनास्थल पर 4 से 5 दमकल गाड़ियाँ मौजूद थीं। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने का संदेह है। आग पूरी तरह से बुझ गई है। कोई हताहत नहीं हुआ है।”

