रायपुर। साय सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आज मध्य भारत का सबसे बड़ा और विश्वसनीय न्यूज चैनल आईबीसी 24 छत्तीसगढ़ सरकार को ‘माइंड समिट’ के तौर पर मंच प्रदान कर रहा है। इस समिट में हम छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों से जहां उनके दो साल के अनुभव पर चर्चा कर रहे हैं, तो वहीं आने वाले तीन सालों के लिए विकास और जनकल्याण के रोडमैप को भी जानने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके साथ ही हम आज बात कर रहे हैं विपक्ष के तौर पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से भी। अलग-अलग सेशन में हम रूबरू होंगे दिग्गज मंत्रियों और विपक्ष के नेताओं से और जानेंगे कैसा रहा है छत्तीसगढ़ की साय सरकार का दो साल का कार्यकाल। IBC24 के माइंड समिट के मंच पर पहुंचे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के मानदेय को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लगातार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहते हैं। उनकी मुख्य मांग है कि उनका मानदेय बढ़ाया जाए। मंत्री ने कहा कि उनकी मांग वाकई लगातार धरना-प्रदर्शन के माध्यम से उठती रही है। वेतन बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार से चर्चा भी जारी है। उन्होंने कहा कि हमारे ओर से भी भारत सरकार को वेतन बढ़ाने के लिए पत्र भेजा गया है और इस विषय पर लगातार वार्ता चल रही है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, खासकर गांव से जुड़ी महिलाएं, अक्सर अन्य विभागों के कार्यों में भी लगा दी जाती हैं। उनका यह भी सुझाव है कि उन्हें केवल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में ही रखा जाए, ताकि वे बच्चों की पूरी देखभाल और पोषण पर ध्यान दे सकें। लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि आज ही उन्होंने फाइल साइन करके यह सुनिश्चित किया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अन्य विभागों के कार्यों में न लगाया जाए और वे केवल बच्चों और महिलाओं की देखभाल का काम करें।

