रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार 19 दिसंबर को प्रातः 11 बजे, मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर और नई विभागीय वेबसाइट का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगी।
यह नई डिजिटल भर्ती प्रणाली आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया को एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध कराएगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया सरल, स्पष्ट, समयबद्ध एवं निष्पक्ष बनेगी। साथ ही अनावश्यक कार्यालयीन दौड़-भाग, कागजी कार्यवाही और भ्रम की स्थिति से भी राहत मिलेगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ऑनलाइन भर्ती प्रणाली से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत होगी। यह पहल आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़े मानव संसाधन प्रबंधन को सशक्त बनाएगी और महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था से शासन की कार्यप्रणाली में जनविश्वास मजबूत होगा। यह पहल छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

