रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष के शीतकालीन सत्र के दौरान राज्य गठन के बाद का अब तक का सबसे बड़ा अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया गया। वित्त मंत्री माननीय श्री ओपी चौधरी जी द्वारा पेश किए गए इस बजट में 35 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका सीधा और व्यापक लाभ आरंग विधानसभा क्षेत्र को मिलने जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधानसभा के विधायक श्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने इस अनुपूरक बजट को ऐतिहासिक, जनहितकारी और विकासपरक बताते हुए कहा कि यह केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि आरंग के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” के स्वर्णिम लक्ष्य की दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
अनुपूरक बजट में आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेन्ध जलाशय के संवर्धन एवं विकास कार्य हेतु 2000 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही आरंग विधानसभा अंतर्गत नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम नवागांव खुटेरी, उपरवारा, तूता, खपरी, चिचा एवं छतौना में ग्राम विकास योजनाओं के तहत सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों के लिए 3000 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी पहल करते हुए सेक्टर-28 नवागांव, नवा रायपुर में प्रस्तावित शासकीय नवीन महाविद्यालय के नए भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन के लिए 363.995 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि इन विकास कार्यों से आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रवासियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस ऐतिहासिक विकास सौगात के लिए उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं वित्त मंत्री माननीय श्री ओपी चौधरी जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

